परचून के सामान की आड़ में 71 किलो डोडाचूरा ले जा रहा था मालवाहक वाहन, 2 गिरफ्तार नीमच से रतलाम ले जाते समय दलौदा पुलिस ने पकड़ा, 10.65 लाख रुपए का डोडाचूरा और 40 लाख रुपए का वाहन जब्त

मंदसौर। परचून के सामान की आड़ में 71 किलो डोडाचूरा लेकर नीमच से रतलाम जा रहे मालवाहक वाहन को दलौदा पुलिस ने नाकाबंदी कर पकड़ लिया। पुलिस ने वाहन चालक सहित डोडाचूरा उपलब्ध कराने वाले 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त डोडाचूरा की कीमत 10 लाख 65 हजार रुपए और वाहन में भरे परचून के सामान की कीमत करीब 40 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस के अनुसार 18 सितंबर को दलौदा थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नीले रंग के अशोक लीलैंड मालवाहक वाहन में नीमच की ओर से डोडाचूरा भरकर रतलाम की तरफ ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस दल ने ग्राम लखमाखेड़ी में महू-नीमच राजमार्ग पर नाकाबंदी की। कुछ देर बाद दलौदा की ओर से नीले रंग का मालवाहक वाहन क्रमांक आरजे14जीपी2337 आता दिखाई दिया। पुलिस ने वाहन रुकवाकर चालक से पूछताछ की। चालक ने अपना नाम सुखराम पिता रामचंद्र जाट, उम्र 33 वर्ष, निवासी बांदरसिंदरी, जिला अजमेर, राजस्थान बताया। वाहन में परचून के सामान के बीच 4 प्लास्टिक के कट्टे रखे मिले। तलाशी लेने पर इनमें कुल 71 किलो डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने डोडाचूरा जब्त कर चालक सुखराम को गिरफ्तार कर लिया और प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। पूछताछ में सामने आया डोडाचूरा का स्रोत पुलिस पूछताछ में सुखराम ने बताया कि वह डोडाचूरा ग्राम सगरग्राम, थाना जीरन क्षेत्र में राजमार्ग किनारे स्थित हैप्पी हरियाणा ढाबे के गुरमित उर्फ हैप्पी पिता बलदेवसिंह तरखान, उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम हरसीपिंड, जिला होशियारपुर, पंजाब, हाल मुकाम ग्राम सगरग्राम, थाना जीरन, जिला नीमच से लेकर आया था। इसके बाद पुलिस ने गुरमित को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस दोनों आरोपियों से डोडाचूरा की तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और मादक पदार्थ की आपूर्ति के संबंध में पूछताछ कर रही है। 10.65 लाख का डोडाचूरा, 40 लाख का वाहन जब्त कार्रवाई में 71 किलो डोडाचूरा, जिसकी कीमत 10 लाख 65 हजार रुपए है, तथा मालवाहक वाहन क्रमांक आरजे14जीपी2337 जब्त किया गया। वाहन में बिल्टी के अनुसार करीब 40 लाख रुपए कीमत का परचून का सामान भरा था। कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक रविंद्र प्रताप डांगी, सहायक उपनिरीक्षक प्रमोदसिंह तोमर सहित दलौदा पुलिस दल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Sep 20, 2026 - 09:07
 0  0

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0