टावर पर चढ़े पिता की गुहार रंग लाई, दो दिन में बागेश्वर धाम से मिला लापता बेटा नाहरगढ़ के बरखेड़ा डांगी से लापता हुआ था युवक; 120 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़कर पिता ने लगाई थी बेटे को तलाशने की गुहार

पिपलिया स्टेशन। नाहरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम बरखेड़ा डांगी से लापता हुए युवक सुखदेव पिता मोहनलाल राठौर को पुलिस ने दो दिन के भीतर छतरपुर जिले के बागेश्वर धाम से सकुशल तलाश लिया। युवक के मिलने की सूचना मिलते ही परिजनों ने राहत की सांस ली। बेटे के लापता होने से परेशान पिता 120 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गए थे। उन्होंने बेटे की तलाश की मांग को लेकर पुलिस से गुहार लगाई थी। सूचना मिलने पर नाहरगढ़ थाना प्रभारी वरुण तिवारी मौके पर पहुंचे और समझाइश देकर उन्हें सुरक्षित नीचे उतारा था। पुलिस ने युवक को जल्द तलाशकर सकुशल वापस लाने का भरोसा भी दिया था। थाना प्रभारी तिवारी के अनुसार युवक के लापता होने के बाद उसके पिता काफी परेशान थे। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल उसकी तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने विभिन्न स्थानों पर जानकारी जुटाई और संभावित ठिकानों पर तलाश की। इसी दौरान युवक के बागेश्वर धाम में होने की जानकारी मिली। पुलिस टीम वहां पहुंची और युवक को सकुशल दस्तयाब कर लिया। बताया गया कि पारिवारिक परिस्थितियों के चलते युवक कुछ समय से परेशान था। इसी दौरान वह बिना बताए घर से चला गया था। उसके लापता होने से परिवार में चिंता का माहौल था। युवक के सकुशल मिलने के बाद परिजनों ने पुलिस का आभार जताया। युवक की तलाश में प्रधान आरक्षक दिलावर सिंह और आरक्षक राजू धनगर का सराहनीय योगदान रहा।

Sep 28, 2026 - 08:11
 0  0

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0