नारायणगढ़ में 60.8 किलो डोडाचूरा जब्त, स्कॉर्पियो-पिकअप समेत 18.31 लाख का माल बरामद एक आरोपी गिरफ्तार, विधि-विरुद्ध बालक अभिरक्षा में; स्कॉर्पियो चालक झाड़ियों की आड़ लेकर फरार
मंदसौर। अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नारायणगढ़ पुलिस ने 60.8 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया और एक विधि-विरुद्ध बालक को अभिरक्षा में लिया है। स्कॉर्पियो का चालक पुलिस को चकमा देकर झाड़ियों की आड़ में फरार हो गया। पुलिस ने डोडाचूरा, स्कॉर्पियो, पिकअप और दो मोबाइल सहित करीब 18 लाख 31 हजार 600 रुपए का माल जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार 28 सितंबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर सहायक उपनिरीक्षक नविंद्र खनगवाल ने बरुजना-नारायणगढ़ मार्ग पर विद्युत ग्रिड के पास कार्रवाई की। यहां दिलखुश पिता रामसिंह रावत (23), निवासी प्रतापपुरा, थाना भीनाय, जिला अजमेर के कब्जे वाली स्कॉर्पियो क्रमांक आरजे 14 यूजे 9188 की तलाशी ली गई। वाहन से 60.8 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 21 हजार 600 रुपए बताई गई है।
पुलिस के अनुसार स्कॉर्पियो वाहन की पायलेटिंग कर रहे पिकअप वाहन क्रमांक आरजे 36 जीबी 1582 को भी रोका गया। इसका चालक रामगढ़, थाना मसूदा, जिला अजमेर निवासी विधि-विरुद्ध बालक था, जिसे पुलिस ने अभिरक्षा में लिया। वहीं स्कॉर्पियो का चालक मोहनसिंह पिता लादुसिंह रावत, निवासी रामगढ़, थाना मसूदा, जिला अजमेर झाड़ियों का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने कार्रवाई में 10 लाख रुपए कीमत की स्कॉर्पियो, 8 लाख रुपए कीमत का पिकअप वाहन तथा ओप्पो और रियलमी कंपनी के दो एंड्रॉयड मोबाइल जब्त किए हैं। जब्त सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 18 लाख 31 हजार 600 रुपए है।
मामले में नारायणगढ़ थाने पर अपराध क्रमांक 295/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई है। गिरफ्तार आरोपी से बरामद डोडाचूरा के स्रोत और उससे जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ की जा रही है। फरार आरोपी की तलाश भी जारी है।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मंदसौर विनोद कुमार मीणा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेरसिंह बघेल और मल्हारगढ़ अनुविभागीय पुलिस अधिकारी पीएस बघेल के मार्गदर्शन तथा नारायणगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र कुमार पंवार के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।