48 घंटे में दिनदहाड़े नकबजनी का खुलासा, अंतर्राज्यीय गिरोह के दो शातिर चोर गिरफ्तार पिपलियामंडी पुलिस ने 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से बालागुढ़ा व उमरिया की वारदातें सुलझाईं, 4.62 लाख का माल बरामद
पिपलिया स्टेशन (जेपी तेलकार)। पिपलियामंडी थाना पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बालागुढ़ा और उमरिया गांव में दिनदहाड़े हुई नकबजनी की वारदातों का 48 घंटे के भीतर खुलासा किया है। पुलिस ने दो शातिर अंतर्राज्यीय आदतन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण एवं नगदी सहित कुल 4 लाख 62 हजार 150 रुपए का मश्रुका बरामद किया है। वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर की होंडा शाइन मोटरसाइकिल, जिसकी कीमत करीब एक लाख रुपए है, भी जब्त की गई है। कुल जब्त मश्रुका की कीमत 5 लाख 62 हजार 150 रुपए बताई गई है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मिथुन बाबू उर्फ अलताफ (38) पिता नजीर शाह फकीर, निवासी कच्ची बस्ती, निम्बाहेड़ा, जिला चित्तौड़गढ़ तथा इजराईल उर्फ कालू मोहम्मद (40) पिता इस्माईल खान निवासी पितलवाड़ी कला, थाना छोटी सादड़ी, जिला प्रतापगढ़ के रूप में हुई है। *100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले:-* पुलिस के अनुसार 27 सितंबर को बालागुढ़ा निवासी संदीप पिता सुरेशचंद्र प्रजापत ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात बदमाश उसके सूने मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नगदी चोरी कर ले गए। इस पर पिपलियामंडी थाने में धारा 331(3), 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। इसी प्रकार उमरिया निवासी पन्नालाल मालवीय ने भी सूने मकान का ताला तोड़कर आभूषण व नगदी चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। इस मामले में धारा 331(3), 305(ए) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। दोनों वारदातों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने क्षेत्र में लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के साथ साइबर सेल मंदसौर से तकनीकी सहायता ली गई। जांच के दौरान मिले सुरागों और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। *4.62 लाख का चोरी का माल बरामद:-* पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर बालागुढ़ा की वारदात में चोरी गए सोने-चांदी के आभूषण एवं नगदी, जिसकी कुल कीमत 2 लाख 50 हजार 130 रुपए है, बरामद की। वहीं उमरिया की वारदात से संबंधित 2 लाख 12 हजार 20 रुपए कीमत के आभूषण एवं नगदी भी बरामद किए गए। दोनों मामलों से बरामद कुल चोरी का मश्रुका 4 लाख 62 हजार 150 रुपए है। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की होंडा शाइन मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। *सुनसान मकान देखकर बनाते थे निशाना :-* पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी दिन के समय मोटरसाइकिल से मध्यप्रदेश और राजस्थान के सीमावर्ती जिलों के गांवों में घूमते थे। सुनसान मकान दिखाई देने पर एक आरोपी ताला तोड़कर अंदर प्रवेश करता और दूसरा मोटरसाइकिल पर बैठकर आसपास आने-जाने वाले लोगों पर नजर रखता था। पुलिस के अनुसार आरोपी करीब 15 मिनट में वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो जाते थे। उनका मुख्य निशाना सोने-चांदी के आभूषण और नगदी रहता था। कई जिलों में दर्ज हैं मामले पुलिस के अनुसार आईसीजेएस पोर्टल पर आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड खंगालने पर दोनों के खिलाफ मध्यप्रदेश और राजस्थान के विभिन्न थानों में चोरी, नकबजनी सहित अन्य अपराधों के प्रकरण सामने आए हैं। मिथुन उर्फ अलताफ के खिलाफ नीमच, पिपलियामंडी, जावद, चित्तौड़गढ़, उदयपुर और भीलवाड़ा क्षेत्र के विभिन्न थानों में वर्ष 2009 से 2026 तक कुल 21 प्रकरण दर्ज होना बताया गया है। इनमें चोरी, नकबजनी और आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के मामले शामिल हैं। वहीं इजराईल उर्फ कालू मोहम्मद के खिलाफ राजस्थान के छोटी सादड़ी, चित्तौड़गढ़ और भीलवाड़ा क्षेत्र में वन अधिनियम, वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज होना बताया गया है। उसके खिलाफ पिपलियामंडी थाने में वर्तमान दोनों नकबजनी के मामले भी दर्ज हैं। *पुलिस टीम की भूमिका :- कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह इवने, उपनिरीक्षक रितेश डामोर, उपनिरीक्षक जया भारद्वाज, प्रधान आरक्षक नरेंद्र धनगर, विजय परमार, आरक्षक नेमाराम जाट, नागेश्वर पाटीदार, रिकु सिंह, पवन पाटीदार, जुगल किशोर, नरेंद्र जोशी और राहुल पाटीदार की भूमिका रही। इसके अलावा जिला नीमच के प्रधान आरक्षक देवीलाल डीगा, थाना साइबर चित्तौड़गढ़ के सहायक उपनिरीक्षक रामावतार मीणा तथा थाना कोतवाली निम्बाहेड़ा के आरक्षक ज्ञानप्रकाश का भी सहयोग रहा। टीआई विक्रमसिंह इवने के अनुसार आरोपियों से पूछताछ में सामने आए अन्य मामलों और चोरी की घटनाओं के संबंध में भी जांच जारी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

