सांसद सुधीर गुप्ता को रेल संबंधी स्थायी समिति की कमान
मंदसौर। मंदसौर संसदीय क्षेत्र के सांसद सुधीर गुप्ता को वर्ष 2026-27 के लिए लोकसभा की रेल संबंधी स्थायी समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। संसद की विभाग-संबंधी स्थायी समितियों के पुनर्गठन के बाद उनके नाम की घोषणा की गई। रेल संबंधी स्थायी समिति रेल मंत्रालय के कामकाज, बजट, नीतियों, योजनाओं और महत्वपूर्ण परियोजनाओं की समीक्षा करती है। समिति रेलवे से जुड़े विधेयकों, वार्षिक प्रतिवेदनों तथा चयनित विषयों पर विचार कर संसद के समक्ष अपनी रिपोर्ट और सिफारिशें प्रस्तुत करती है। समिति में लोकसभा के 21 और राज्यसभा के 10 सदस्य होते हैं तथा इसके अध्यक्ष की नियुक्ति लोकसभा अध्यक्ष द्वारा की जाती है। सांसद सुधीर गुप्ता इससे पहले कॉरपोरेट विधियां (संशोधन) विधेयक, 2026 संबंधी संयुक्त समिति के अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं। इस समिति का गठन 19 मई 2026 को हुआ था। रेल संबंधी स्थायी समिति के अध्यक्ष के रूप में गुप्ता की भूमिका रेलवे से जुड़े नीतिगत और विकासात्मक विषयों की संसदीय समीक्षा में महत्वपूर्ण रहेगी। यात्री सुविधाओं, सुरक्षा, आधारभूत संरचना, रेल परियोजनाओं और कनेक्टिविटी से जुड़े मुद्दे समिति के कार्यक्षेत्र में आते हैं। मंदसौर संसदीय क्षेत्र से जुड़े रेल सुविधाओं और विकास कार्यों के मुद्दे भी इस जिम्मेदारी के साथ व्यापक स्तर पर उठाए जा सकेंगे। सांसद सुधीर गुप्ता ने नई जिम्मेदारी के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे इस दायित्व का पूर्ण समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

