खेत से सोयाबीन काटने को लेकर विवाद, दो पक्षों में मारपीट; पांच पर केस
पिपलिया स्टेशन (निप्र)। मल्हारगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम लसुडिया कदमाला में खेत से सोयाबीन काटने की बात को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। विवाद के दौरान मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। घटना में दो लोगों के घायल होने की बात सामने आई है।
पुलिस के अनुसार खोखरा निवासी विक्रम पिता मुकेश डाबी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके मामा अशोक चौहान का लसुडिया कदमाला में खेत है। सोयाबीन काटने को लेकर अशोक का खेत पड़ोसी रमेश बावरी से विवाद हुआ था। इसके बाद विक्रम अपने मामा के घर पहुंचा। आरोप है कि इसी दौरान रमेश बावरी और उसका पुत्र बलवंत घर के बाहर आए और सोयाबीन काटने की बात को लेकर गाली-गलौज करने लगे।
रिपोर्ट के मुताबिक अशोक चौहान ने गाली देने से मना किया तो बलवंत ने लकड़ी से उनके सिर के बाईं ओर वार कर दिया, जिससे खून निकलने लगा। विक्रम और उसकी मामी टीनाबाई बीच-बचाव करने पहुंचे। इसी दौरान रमेश की मां तुलसीबाई, पत्नी शारदा बाई और माया बाई भी मौके पर पहुंच गईं। आरोप है कि तुलसीबाई ने टीनाबाई के सिर पर लकड़ी से वार किया, जबकि रमेश ने अपनी पत्नी के हाथ से लकड़ी लेकर विक्रम के दाहिने हाथ पर हमला कर दिया।
मारपीट में अशोक चौहान और टीनाबाई के सिर से खून निकलने लगा और दोनों मौके पर गिर गए। विक्रम के मौसेरे भाई मोहित ने बीच-बचाव किया। फरियादी के अनुसार इसके बाद पांचों आरोपी कथित तौर पर धमकी देते हुए वहां से चले गए। आरोप है कि जाते समय उन्होंने दोबारा खेत से सोयाबीन काटने पर जान से खत्म करने की धमकी दी।
घटना के बाद विक्रम ने डायल-112 पर सूचना दी। पुलिस वाहन से घायलों को मल्हारगढ़ के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद अशोक चौहान और टीनाबाई को उपचार के लिए मंदसौर रेफर किया गया।
मल्हारगढ़ पुलिस ने विक्रम डाबी की रिपोर्ट पर रमेश बावरी, बलवंत बावरी, तुलसीबाई बावरी, शारदा बाई बावरी और माया बाई बावरी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(बी), 115(2), 351(3) और 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।