तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार मां-बेटे को मारी टक्कर, 5 दिन बाद पुलिस ने दर्ज किया केस खेड़ा कल्याखेड़ी-नापाखेड़ा मार्ग पर 29 सितंबर को हुआ हादसा; मां के दोनों पैर, हाथ और मुंह पर चोट, बेटे को घुटने में गंभीर चोट

पिपलिया स्टेशन। खेड़ा कल्याखेड़ी से नापाखेड़ा जाने वाले मार्ग पर कमलसिंह के खेत के समीप 29 सितंबर की सुबह तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार मां-बेटे को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों घायल हो गए। घटना के पांच दिन बाद नारायणगढ़ पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। खेड़ा कल्याखेड़ी निवासी उदयसिंह पिता कालूसिंह सोलंकी ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि 29 सितंबर को ग्राम कचनारा में रिश्तेदारी में कार्यक्रम था। इसमें शामिल होने के लिए उसका पुत्र दशरथ और पत्नी सोहनबाई सुबह करीब 9.30 बजे विजय राव निवासी खेड़ा कल्याखेड़ी की मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 14 जेडजी 0982 से घर से रवाना हुए थे। कुछ देर बाद उदयसिंह को सूचना मिली कि खेड़ा से नापाखेड़ा जाने वाले मार्ग पर कमलसिंह के खेत के पास किसी कार चालक ने दशरथ की बाइक को टक्कर मार दी है। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे। दशरथ के दाहिने पैर के घुटने में चोट लगी थी और खून निकल रहा था। उसके शरीर पर भी चोट के निशान थे। वहीं सोहनबाई के दोनों पैरों, हाथ और मुंह पर चोटें आई थीं। फरियादी के अनुसार, मौके पर मौजूद परिवार के लालसिंह पिता नाहरसिंह सोलंकी ने बताया कि नापाखेड़ा की ओर से एक कार तेज गति और लापरवाही से आ रही थी। कार चालक ने सामने से दशरथ की मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार कुछ दूरी पर जाकर सड़क किनारे रुक गई थी। कार का नंबर एमपी 44 जेडबी 5557 बताया गया है। हादसे के बाद चालक कार लेकर संजीत की ओर रवाना हो गया। परिजन दोनों घायलों को निजी कार से मंदसौर के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। दशरथ को अधिक चोटें होने के कारण बाद में परिजन उसे भीलवाड़ा स्थित रामस्नेही अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां उसका उपचार जारी है। शिकायत के आधार पर नारायणगढ़ पुलिस ने घटना के पांच दिन बाद मामला दर्ज कर कार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

Oct 5, 2026 - 08:03
 0  0

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0