कुएं से पनडुब्बी मोटर चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, साथी की तलाश जारी 10 हजार रुपए कीमत की चोरी की मोटर बरामद, पूछताछ में साथी के साथ वारदात करना बताया
पिपलिया स्टेशन (निप्र)। पिपलियामंडी पुलिस ने कुएं से पानी की पनडुब्बी मोटर चोरी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 10 हजार रुपए कीमत की मोटर बरामद की है। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर वारदात करना बताया है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार, 2 अक्टूबर को पिपलियामंडी निवासी गोविंद पिता बंशीलाल पोरवाल ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके कुएं में लगी पानी की पनडुब्बी मोटर अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 295/26, धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने मुखबिरों को सक्रिय करने के साथ सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी सहायता से आरोपी की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान 5 अक्टूबर को मुखबिर की सूचना पर चावली रोड स्थित खेत के पास से राहुल पिता बाबूलाल बावरी (30), निवासी काचरिया चंद्रावत को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से चोरी की गई पानी की पनडुब्बी मोटर बरामद कर जब्त की गई। पूछताछ में राहुल ने अपने साथी कचरु पिता परमेश्वर बावरी, निवासी काचरिया चंद्रावत के साथ मिलकर मोटर चोरी करना बताया। फरार आरोपी कचरु बावरी की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार आरोपी से अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है। आरोपी का पूर्व में कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है। पूछताछ में यह भी सामने आया कि दोनों आरोपी हाथ खर्च के लिए मोटर चोरी कर बेचते थे। मोटर किसे बेची जाती थी और अन्य चोरी की घटनाओं में उनकी भूमिका है या नहीं, इस संबंध में भी जांच की जा रही है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह इवने, चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक रितेश डामोर, प्रधान आरक्षक मोहम्मद जुल्फीकार, आरक्षक नरेंद्र व्यास, नेमाराम जाट, पुष्पराज सिंह और चालक आरक्षक चिंटू मेघवाल की भूमिका रही।