गरबा ड्रेस लेकर लौट रहे चाचा-भतीजे की बाइक राहगीर से टकराई, तीन घायल रामधारी की हालत गंभीर, प्राथमिक उपचार के बाद उदयपुर रेफर; विजय और अजीत जिला अस्पताल में भर्ती
मंदसौर। मंदसौर से पिपलियामंडी लौट रहे चाचा-भतीजे की बाइक शनिवार रात थडोद टोल टैक्स से पहले एक फैक्ट्री के पास सड़क पार कर रहे व्यक्ति से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार विजय (32) और उनके 17 वर्षीय भतीजे अजीत डांगी के साथ राहगीर रामधारी पिता गोपी भी घायल हो गए। रामधारी की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें उदयपुर रेफर किया गया है, जबकि विजय और अजीत का जिला अस्पताल में इलाज जारी है। जानकारी के अनुसार, पिपलियामंडी निवासी विजय अपने भतीजे अजीत के साथ मंदसौर से गरबे की ड्रेस लेकर बाइक से लौट रहे थे। शनिवार रात थडोद टोल टैक्स से पहले एक फैक्ट्री के पास अचानक सड़क पार कर रहे रामधारी बाइक के सामने आ गए। इससे बाइक उनसे टकरा गई। टक्कर के बाद विजय और अजीत सड़क पर घिसटने से घायल हो गए, जबकि रामधारी को भी गंभीर चोटें आईं। हादसे में विजय के बाएं हाथ और दाएं पैर में फ्रैक्चर हुआ है। उनके दाएं हाथ और कंधे पर भी चोटें आई हैं। वहीं, अजीत के हाथ-पैर और पेट के पास चोट लगी है। रामधारी के सिर, हाथ और पैर में चोटें आई हैं। घटना के बाद टोल एंबुलेंस की मदद से तीनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां विजय को ऑर्थो वार्ड और अजीत को मेल मेडिकल वार्ड में भर्ती किया गया है। दोनों का उपचार जारी है। रामधारी की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें उदयपुर रेफर कर दिया। दरअसल, नवरात्रि के अवसर पर शनिवार को पिपलियामंडी में फैंसी ड्रेस गरबा कार्यक्रम आयोजित होना था। इसी कार्यक्रम के लिए विजय अपने भतीजे के साथ मंदसौर से ड्रेस लेकर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में हादसा हो गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

