पशुपतिनाथ की शाही पालकी यात्रा आज, शिवमय होगा शहर; ढोल-नगाड़ों के साथ निकलेंगी भव्य झांकियां

मंदसौर। श्री शयनकाल आरती युवा पालकी मंडल के तत्वावधान में बाबा महादेव की शाही पालकी यात्रा 17 अगस्त को निकाली जाएगी। यात्रा को भव्य एवं ऐतिहासिक स्वरूप देने के लिए तैयारियां की गई हैं। यात्रा में बड़ी संख्या में शिवभक्तों के शामिल होने की संभावना है। ढोल-नगाड़े, बैंड-बाजे, अखाड़ों के साहसिक प्रदर्शन और भगवान शिव की महिमा पर आधारित आकर्षक झांकियां यात्रा के प्रमुख आकर्षण रहेंगी। आयोजन के अनुसार बाबा महादेव की शाही पालकी यात्रा सोमवार को सुबह 10:30 बजे मंदिर परिसर से प्रारंभ होगी। यात्रा प्रतापगढ़ पुलिया, मंडी गेट, धान मंडी, बड़ा चौक, गणपति चौक, वरुण देव मंदिर, माहेश्वरी धर्मशाला, आरके हॉस्पिटल, गोल चौराहा, सरदार पटेल चौराहा, गांधी चौराहा, बस स्टैंड, घंटाघर और सदर बाजार होते हुए पुन: मंदिर परिसर पहुंचेगी। यात्रा का समापन रात 8 बजे मंदिर परिसर में शयन आरती एवं विसर्जन के साथ होगा। फूलों और पारंपरिक आभूषणों से सुसज्जित बाबा महादेव की भव्य पालकी यात्रा का मुख्य आकर्षण रहेगी। पालकी के आगे ढोल-नगाड़ों और बैंड-बाजों की धार्मिक धुनें वातावरण को भक्तिमय बनाएंगी। सनातन संस्कृति की परंपरा के अनुरूप विभिन्न अखाड़ों के उस्ताद और कलाकार साहसिक करतबों का प्रदर्शन करेंगे। भगवान शिव की महिमा और विभिन्न पौराणिक प्रसंगों को दर्शाने वाली सजीव एवं आकर्षक झांकियां भी यात्रा की शोभा बढ़ाएंगी। महिला मंडलों और मातृशक्ति की विशेष सहभागिता रहेगी। आयोजन समिति के अनुसार क्षेत्रभर से बड़ी संख्या में शिवभक्त यात्रा में शामिल होंगे, जिससे शहर में दिनभर भक्तिमय वातावरण बना रहेगा। श्री शयनकाल आरती युवा पालकी मंडल ने नगरवासियों और धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से सपरिवार शाही पालकी यात्रा में शामिल होने की अपील की है। समिति ने श्रद्धालुओं से अनुशासन के साथ यात्रा में सहभागिता करते हुए ‘हर हर महादेव’ और ‘ॐ नमः शिवाय’ के जयघोष से नगर को शिवमय बनाने का आह्वान किया है। बड़े वाहनों के लिए ये मार्ग रहेंगे प्रतिबंधित यातायात पुलिस के अनुसार 17 अगस्त को 10 नंबर नाका से प्रतापगढ़ पुलिया तथा प्रतापगढ़ पुलिया से कोर्ट घाटी मार्ग सभी बड़े वाहनों और बसों के लिए प्रतिबंधित रहेगा। प्रतापगढ़ से मंदसौर आने-जाने वाली बसें नयाखेड़ा मार्ग से आवागमन कर सकेंगी। बड़ी पुलिया पर पूरे दिन वाहनों की आवाजाही बंद पशुपतिनाथ मंदिर स्थित बड़ी पुलिया पर पूरे दिन सभी प्रकार के वाहनों, दोपहिया, तीनपहिया और चारपहिया वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। हालांकि दोपहिया वाहन पशुपतिनाथ मंदिर की छोटी पुलिया से खिलजीपुरा और चंद्रपुर की ओर आ-जा सकेंगे। अन्य वाहनों से चंद्रपुर और खिलजीपुरा आने-जाने वाले वाहन चालक मेनपुरिया चौराहा अथवा बाईपास-नालछा माता मंदिर मार्ग का उपयोग कर सकेंगे। पालकी के दौरान मार्ग होंगे डायवर्ट पालकी सवारी के शहर भ्रमण के दौरान जिस मार्ग से पालकी गुजरेगी, उस मार्ग पर यातायात अस्थायी रूप से बंद रखा जाएगा। पालकी के आगे बढ़ने के साथ संबंधित मार्गों पर यातायात व्यवस्था बहाल की जाएगी और आवश्यकता के अनुसार वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया जाएगा। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से यात्रा के दौरान धैर्य और सहयोग बनाए रखने की अपील की है। नई पार्किंग में वाहन खड़े करने की अपील पालकी यात्रा में शामिल होने और भगवान पशुपतिनाथ के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं से अपने वाहन निर्धारित स्थानों पर ही पार्क करने की अपील की गई है। दर्शनार्थी अपने वाहन नई पार्किंग, चंद्रपुरा तथा छोटी पुलिया से नदी किनारे जाने वाले मार्ग पर साइड में पार्क कर सकेंगे।

Aug 17, 2026 - 08:19
 0  0

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0