मानपुरा में मौत की फैक्ट्री पर पुलिस का धावा गोलियों की गूंज के बीच 150 करोड़ की एमडी ड्रग्स बनाने की साजिश नाकाम

मंदसौर जिले की सीतामऊ थाना पुलिस ने सिंथेटिक ड्रग्स के अवैध कारोबार पर अब तक की बड़ी कार्रवाइयों में शामिल एक अहम सफलता हासिल करते हुए ग्राम मानपुरा में संचालित अवैध एमडी (मेफेड्रोन) ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़ कर दिया। शनिवार-रविवार की दरम्यानी रात खेत के बीच बने टीनशेड पर दी गई दबिश के दौरान पुलिस और तस्करों के बीच 8 से 10 राउंड फायरिंग हुई। जवाबी कार्रवाई के बीच आरोपी अंधेरे का लाभ उठाकर खेतों के रास्ते फरार हो गए, लेकिन पुलिस ने मौके से 110 ग्राम तैयार एमडी ड्रग्स, 325 किलो से अधिक रसायन, हाईटेक उपकरण और चोरी की बिना नंबर की स्कॉर्पियो-एन कार जब्त कर ली। पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि मानपुरा-बड़ावदी मार्ग पर पानी की टंकी के समीप स्थित एक खेत में बड़े पैमाने पर एमडी ड्रग्स तैयार करने की गतिविधियां चल रही हैं। सूचना मिलते ही विशेष पुलिस टीम ने क्षेत्र की घेराबंदी कर देर रात टीनशेड पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही आरोपी स्कॉर्पियो-एन वाहन से भागने लगे, लेकिन वाहन खेत में फंस गया। इसके बाद आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा और आरोपियों को पकड़ने के उद्देश्य से पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। दोनों ओर से हुई फायरिंग के बीच तीनों आरोपी खेतों के रास्ते फरार होने में सफल रहे। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने फैक्ट्री से 208 किलोग्राम एमडीसी केमिकल, 117.800 किलोग्राम अन्य रसायन, 1.800 किलोग्राम क्रिस्टलनुमा पदार्थ सहित कुल 325 किलो से अधिक केमिकल जब्त किए। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इन रसायनों से 100 से 150 किलोग्राम तक एमडी ड्रग्स तैयार की जा सकती थी, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 100 से 150 करोड़ रुपए बताई जा रही है। फैक्ट्री से इलेक्ट्रॉनिक तोल कांटा, गैस भट्टी, इलेक्ट्रिक हीटगन (ड्रायर), मोटर लगे ड्रम, प्लास्टिक की बाल्टियां, कंटेनर, जग, स्टील के बर्तन, टिश्यू रोल, टेप सहित एमडी निर्माण में उपयोग होने वाले कई हाईटेक उपकरण भी जब्त किए गए हैं। मौके से मिली बिना नंबर की महिंद्रा स्कॉर्पियो-एन चोरी की होना भी प्रारंभिक जांच में सामने आया है। प्रारंभिक जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी लगातार स्थान बदल-बदलकर सिंथेटिक ड्रग्स का निर्माण कर रहे थे। मानपुरा स्थित फैक्ट्री को राजस्थान के बजरंगगढ़ क्षेत्र में स्थानांतरित करने की तैयारी चल रही थी, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने दबिश देकर पूरे नेटवर्क की बड़ी कड़ी ध्वस्त कर दी। मामले में दिलीप गायरी, गोविंद गायरी निवासी मानपुरा थाना सीतामऊ तथा पिंटू सिंह सिसौदिया निवासी बजरंगगढ़ (राजस्थान) के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट, भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें लगातार तलाश में जुटी हैं। जांच में राजस्थान कनेक्शन भी सामने आया है। मंदसौर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना ने बताया कि जिले में पकड़ी गई यह चौथी अवैध एमडी ड्रग्स फैक्ट्री है। पुलिस ने मौके से 110 ग्राम एमडी ड्रग्स, 300 किलो से अधिक रसायन तथा ड्रग्स निर्माण में प्रयुक्त हाई लेवल उपकरण बरामद किए हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सिंथेटिक ड्रग्स के अवैध कारोबार के खिलाफ जिले में अभियान लगातार जारी रहेगा। पूरी कार्रवाई सीतामऊ थाना प्रभारी कमलेश प्रजापति के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने अंजाम दी। अभियान में मल्हारगढ़ थाना प्रभारी अनिल रघुवंशी, नई आबादी थाना प्रभारी कुलदीप सिंह राठौर, शामगढ़ थाना प्रभारी कपिल सौराष्ट्रीय, भानपुरा थाना प्रभारी विनय बुंदेला तथा चौकी प्रभारी विकास गहलोत सहित पुलिस बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Aug 1, 2026 - 20:16
 0  1
मानपुरा में मौत की फैक्ट्री पर पुलिस का धावा गोलियों की गूंज के बीच 150 करोड़ की एमडी ड्रग्स बनाने की साजिश नाकाम

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0