गरोठ पुलिस ने 163 किलो डोडाचूरा पकड़ा, पंजाब के दो आरोपियों सहित चार गिरफ्तार कार और इनोवा सहित 31.86 लाख रुपए का मशरूका जब्त, राजस्थान का एक आरोपी फरार
गरोठ। गरोठ पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मारुति स्विफ्ट डिजायर कार से 163.100 किलोग्राम डोडाचूरा जब्त किया है। मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में स्विफ्ट डिजायर और इनोवा वाहन सहित चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। जब्त मशरूके की कुल कीमत करीब 31.86 लाख रुपए बताई गई है। मामले में राजस्थान निवासी एक अन्य आरोपी फरार है। पुलिस के अनुसार, 11 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि चांदखेड़ी खुर्द निवासी प्रधानसिंह सौंधिया राजपूत और बालुसिंह सौंधिया राजपूत ग्रे रंग की मारुति स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक एमपी 14 जेड के2216 में डोडाचूरा भरकर बोलिया से पावटी और गरोठ होते हुए आठ लेन की ओर जाने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को पकड़ा। कार की तलाशी लेने पर आठ काले प्लास्टिक के कट्टों में भरा 163.100 किलोग्राम डोडाचूरा और वीवो कंपनी के दो मोबाइल फोन मिले। पुलिस ने मादक पदार्थ और वाहन जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पंजाब के दो आरोपी भी गिरफ्तार पुलिस ने मामले में गरोठ थाने पर अपराध क्रमांक 414/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8, 15 और 29 में प्रकरण दर्ज किया। पूछताछ और विवेचना के दौरान डोडाचूरा के स्रोत के संबंध में जानकारी जुटाई गई। इसके बाद पुलिस ने पंजाब के पटियाला निवासी गुरूप्रित सिंह और सुतराणा, पटियाला निवासी गुरूनाम को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से इनोवा वाहन क्रमांक पीबी13बीएन8023 जब्त किया गया। मामले में आगे की विवेचना जारी है। राजस्थान का आरोपी फरार पुलिस के अनुसार, प्रकरण में रणजीत सिंह निवासी वार्नीखेड़ी, थाना डग, जिला झालावाड़ (राजस्थान) फरार है। उसकी तलाश की जा रही है। 31.86 लाख रुपए का मशरूका जब्त पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 163.100 किलोग्राम डोडाचूरा, जिसकी कीमत 3.26 लाख रुपए बताई गई है, के अलावा 8 लाख रुपए कीमत की मारुति स्विफ्ट डिजायर, 20 लाख रुपए कीमत की इनोवा और 60 हजार रुपए कीमत के वीवो कंपनी के चार मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत 31.86 लाख रुपए है। पुलिस टीम की भूमिका कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गरोठ रामसनेही मिश्रा और एसडीओपी विजय कुमार यादव के मार्गदर्शन में की गई। थाना प्रभारी गरोठ उपनिरीक्षक बलवीरसिंह यादव के निर्देशन में सहायक उपनिरीक्षक मानसिंह भाटी और उनकी टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

