करोड़ों की ठगी की आरोपी सपना ठाकुर के संपर्क में था हेड कांस्टेबल, लाइन अटैच मोबाइल सीडीआर में सामने आया नाम, पुलिस करेगी भूमिका की जांच; आरोपी के खिलाफ अब तक 7 शिकायतें
मंदसौर। खुद को मंदसौर नारकोटिक्स की टीआई बताकर रतलाम में करोड़ों रुपये की ठगी करने के मामले में जेल में बंद सपना ठाकुर के मोबाइल की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) जांच में एक पुलिसकर्मी से बातचीत का खुलासा हुआ है। कॉल डिटेल में नाम सामने आने के बाद एसपी अमित कुमार ने बाजना थाने में पदस्थ हेड कांस्टेबल नीरज त्यागी को शुक्रवार रात लाइन अटैच कर दिया। पुलिस के अनुसार, हेड कांस्टेबल की गतिविधियां संदिग्ध पाए जाने पर यह कार्रवाई की गई है। अब विभागीय जांच में दोनों के संपर्क और हेड कांस्टेबल की भूमिका की पड़ताल की जाएगी। दो साल की कॉल डिटेल खंगालने पर सामने आया संपर्क रतलाम के एक प्रॉपर्टी ब्रोकर से करोड़ों रुपये की ठगी के आरोप में सपना ठाकुर फिलहाल जेल में बंद है। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उसका मोबाइल जब्त किया था। पिछले दो वर्षों की कॉल डिटेल की जांच में हेड कांस्टेबल नीरज त्यागी से लगातार बातचीत के तथ्य सामने आने की बात कही जा रही है। जांच में यह भी सामने आया कि सपना ठाकुर औद्योगिक क्षेत्र थाने में दर्ज धोखाधड़ी के एक मामले में लंबे समय से फरार थी। उस दौरान नीरज त्यागी इसी थाने में पदस्थ था। अब पुलिस इस संपर्क की परिस्थितियों और संभावित भूमिका की जांच करेगी। सपना के खिलाफ सात शिकायतें पुलिस के अनुसार, सपना ठाकुर के विरुद्ध अलग-अलग नाम और पद बताकर ठगी करने की सात शिकायतें अब तक प्राप्त हुई हैं। एएसपी राकेश पंद्रों ने बताया कि ठगी के मामले में मोबाइल की सीडीआर जांच के दौरान हेड कांस्टेबल से बातचीत के अंश मिले हैं। संदिग्ध आचरण सामने आने पर उसे लाइन अटैच किया गया है। मामले में विभागीय स्तर पर जांच की जाएगी। इन बिंदुओं पर होगी जांच पुलिस यह पता लगाएगी कि सपना ठाकुर द्वारा लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी किए जाने के मामले में नीरज त्यागी की कोई भूमिका थी या नहीं। साथ ही यह भी जांच की जाएगी कि सपना के फरार रहने के दौरान उसे पुलिस विभाग से जुड़ी कोई संवेदनशील जानकारी तो नहीं दी गई। औद्योगिक क्षेत्र थाने में दर्ज धोखाधड़ी के मामले में फरारी के दौरान आरोपी को बचाने या कानूनी कार्रवाई से दूर रखने में हेड कांस्टेबल की कोई भूमिका रही या नहीं, इसकी भी पड़ताल की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

