डोडाचूरा तस्करी से अर्जित 21.54 करोड़ की संपत्ति का खुलासा, सफेमा न्यायालय भेजा प्रकरण

मंदसौर। डोडाचूरा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मंदसौर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। मल्हारगढ़ थाना पुलिस ने तस्करी के आरोपी संदीप शर्मा और उसके रिश्तेदारों के नाम पर करीब 21 करोड़ 54 लाख 28 हजार 417 रुपए की चल-अचल संपत्ति का पता लगाया है। संपत्तियों का पूरा ब्योरा तैयार कर प्रकरण अग्रिम कार्रवाई के लिए सफेमा न्यायालय, मुंबई भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, मल्हारगढ़ थाने में दर्ज प्रकरण में आरोपी संदीप पिता राजाराम शर्मा निवासी रुपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत मामला दर्ज है। जांच के दौरान आरोपी के डोडाचूरा के संग्रहण, परिवहन और विनिर्माण से जुड़े तस्करी नेटवर्क में शामिल होने की जानकारी सामने आई थी। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी का तस्करी नेटवर्क मंदसौर जिले के अलावा राजस्थान के चित्तौड़गढ़, जोधपुर और कोटा सहित हरियाणा एवं पंजाब तक फैला हुआ था। आरोपी और उसके रिश्तेदार लंबे समय से इस गतिविधि में संलिप्त बताए गए हैं। जांच में यह भी पता चला कि आरोपी ने अपनी अधिकांश संपत्तियां रिश्तेदारों, दोस्तों और अन्य लोगों के नाम पर खरीद रखी थीं। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की फैमिली ट्री तैयार कर उसके तथा रिश्तेदारों के नाम पर दर्ज चल-अचल संपत्तियों की जानकारी जुटाई। पुलिस ने आरोपी संदीप शर्मा और उसके रिश्तेदारों के नाम पर कुल 21,54,28,417 रुपए की संपत्ति होने की जानकारी जुटाई। इसके बाद संपत्तियों का विस्तृत विवरण तैयार कर 2 नवंबर 2026 को सक्षम अधिकारी, सफेमा एवं एनडीपीएस एक्ट, मुंबई को अग्रिम कार्रवाई के लिए प्रकरण भेज दिया गया।

Nov 3, 2026 - 22:55
 0  0

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0