जावरा में जुए की फड़ पर पुलिस का छापा, 9 आरोपी गिरफ्तार; 31,300 रुपए और 52 ताश के पत्ते जब्त मुखबिर की सूचना पर देर रात दबिश, जुआ एक्ट में प्रकरण दर्ज; सभी आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई
रतलाम। जिले में अवैध गतिविधियों और जुआ-सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जावरा शहर पुलिस ने जुआ खेल रहे 9 आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 31 हजार 300 रुपए नकद और 52 ताश के पत्ते जब्त किए हैं। कार्रवाई के बाद थाना जावरा शहर में जुआ एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार पुलिस अधीक्षक रतलाम अमित कुमार के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार, नगर पुलिस अधीक्षक जावरा युवराजसिंह चौहान और थाना प्रभारी जावरा शहर निरीक्षक दीपक मंडलोई के मार्गदर्शन में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में गत रात्रि जावरा शहर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग ताश के पत्तों से हार-जीत का जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस कार्रवाई के दौरान 9 व्यक्ति जुआ खेलते मिले, जिन्हें मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी और मौके की कार्रवाई में उनके पास से 31 हजार 300 रुपए नकद और 52 ताश के पत्ते बरामद हुए।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना जावरा शहर में अपराध क्रमांक 279/2026, धारा 13 जुआ एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में अबरार पिता अख्तर हुसैन, उम्र 19 वर्ष, निवासी मुगलपुरा जावरा; अल्ताफ पिता अफाक खान, उम्र 32 वर्ष, निवासी बहादुरपुर रोड जावरा; असलम पिता अहमद अली, उम्र 26 वर्ष, निवासी पठान टोली जावरा; हैदर पिता प्यारे मियां, उम्र 34 वर्ष, निवासी मुगलपुरा जावरा; मोहम्मद हयात पिता मोहम्मद मुशर्रफ, उम्र 40 वर्ष, निवासी जुना कबाड़ा जावरा; तैय्यब अली पिता कुतुबुद्दीन अली, उम्र 33 वर्ष, निवासी जनता कॉलोनी जावरा; फिरोज पिता लालू खां, उम्र 40 वर्ष, निवासी सागर पेशा जावरा; जफर पिता मेहमूद मेवाती, उम्र 43 वर्ष, निवासी मेवातीपुरा जावरा और जाकिर पिता अल्ला नूर, उम्र 41 वर्ष, निवासी पिपली बाजार जावरा शामिल हैं।
कार्रवाई में निरीक्षक दीपक कुमार मंडलोई, उप निरीक्षक ओमप्रकाश राठौर, प्रधान आरक्षक राहुल उपाध्याय, चीता आरक्षक अमित जाट, आरक्षक दीपक माली, चन्द्रपाल सिंह, सुगड़सिंह और संदीप जाधव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।