50 लाख की रिश्वत मांगने का आरोप, नीमच के सीबीएन निरीक्षक को पटना सीबीआई ने पकड़ा मादक पदार्थ मामले में आरोपी नहीं बनाने के एवज में 20 लाख में सौदा तय होने का दावा, 4 लाख रुपए रिश्तेदार के खाते में जमा कराने की बात; 14 सितंबर तक अभिरक्षा
नीमच। केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) के नीमच में पदस्थ निरीक्षक सिद्धार्थ श्रीवास्तव को कथित रिश्वतखोरी के मामले में पटना सीबीआई की टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोप है कि एक मादक पदार्थ मामले में पटना निवासी आलोक सिन्हा को आरोपी नहीं बनाने के एवज में निरीक्षक ने 50 लाख रुपए की मांग की थी। बातचीत के बाद कथित तौर पर 20 लाख रुपए में सौदा तय हुआ। इसमें 10 लाख रुपए अग्रिम देने की बात सामने आई है। शिकायतकर्ता आलोक सिन्हा ने कथित तौर पर 4 लाख रुपए ऑनलाइन एक खाते में जमा किए। यह खाता निरीक्षक के रिश्तेदार संतोष कुमार सुमन का बताया जा रहा है। रकम जमा करने के बाद आलोक सिन्हा ने मामले की शिकायत पटना सीबीआई से की। शिकायत मिलने पर सीबीआई ने जांच शुरू की और जांच के बाद 10 सितंबर को प्रकरण दर्ज किया। प्रकरण दर्ज करने के बाद पटना से सीबीआई की टीम नीमच पहुंची। गुरुवार देर शाम टीम ने केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो कार्यालय परिसर में कार्रवाई करते हुए निरीक्षक सिद्धार्थ श्रीवास्तव को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद सीबीआई ने आरोपी निरीक्षक को न्यायालय में पेश किया। जांच दल ने मामले में पूछताछ के लिए निरीक्षक को पटना ले जाने की अनुमति मांगी। न्यायालय ने सीबीआई की स्थानांतरण अभिरक्षा की मांग मंजूर करते हुए 14 सितंबर तक की अभिरक्षा दी। इसके बाद सीबीआई टीम निरीक्षक को अपने साथ पटना ले गई। सीबीआई अब कथित रिश्वत की रकम के लेन-देन से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। विशेष रूप से यह पता लगाया जा रहा है कि शिकायतकर्ता से 4 लाख रुपए निरीक्षक के बजाय उसके रिश्तेदार के खाते में क्यों जमा कराए गए और इस लेन-देन में निरीक्षक की क्या भूमिका थी। मामले में सीबीएन के किसी अन्य अधिकारी या कर्मचारी की भूमिका थी या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। पटना सीबीआई की कार्रवाई के बाद नीमच स्थित केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो कार्यालय में हलचल है। फिलहाल सीबीआई की पूछताछ और जांच जारी है। आगे की कार्रवाई में कथित रिश्वतखोरी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी स्पष्ट होने की संभावना है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

