एक रात में 10 विद्युत मोटर चोरी, किसानों में आक्रोश, सरपंच बोले, चोर नहीं पकड़े तो होगा आंदोलन

पिपलिया स्टेशन (निप्र)। ग्राम काचरिया चन्द्रावत में खेतों पर स्थित कुओं से एक ही रात में करीब 10 विद्युत मोटर एवं बड़ी मात्रा में केबल चोरी होने का मामला सामने आया है। अज्ञात बदमाशों ने 8-9 सितम्बर की दरम्यानी रात अलग-अलग किसानों के खेतों को निशाना बनाया और कुओं पर लगी मोटरों को निकालकर तथा विद्युत केबल काटकर फरार हो गए। सुबह खेतों पर पहुंचे किसानों को मोटर एवं केबल गायब मिली तो पूरे गांव में हड़कंप मच गया। एक साथ बड़ी संख्या में मोटर चोरी होने से किसानों में भारी आक्रोश है। जानकारी के अनुसार चोरी गई मोटरों में करीब 3 एवं 5 हॉर्स पावर क्षमता की मोटरें शामिल हैं। किसानों के मुताबिक प्रत्येक मोटर की कीमत करीब 30 से 35 हजार रुपए है। इसके अतिरिक्त चोरी गई विद्युत केबल से किसानों को अलग आर्थिक नुकसान हुआ है। मोटर चोरी होने से किसानों के सामने खेतों में सिंचाई की समस्या भी खड़ी हो गई है। घटना में राधेश्याम पिता काशीरामजी मेघवाल, उंकारलाल पिता मांगूजी मेघवाल, गोविन्द पिता बंशीलालजी पोरवाल, श्यामलाल पिता भुवानीरामजी बावरी, राधाकिशन पिता कैलाशचंदजी बावरी, रामलाल पिता भुवानजी मेघवाल एवं चंदनसिंह पिता भुवानीजी बावरी सहित अन्य किसानों के खेतों से मोटर चोरी हुई है। किसानों ने अपने स्तर पर आसपास के खेतों, रास्तों एवं संभावित स्थानों पर चोरी गई मोटरों की तलाश की, लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है। ग्रामीणों का कहना है कि करीब 10 दिन पहले गांव में चावली मार्ग पर स्थित विद्युत डीपी से भी करीब 100 लीटर आइल चोरी हो गया था। डीपी में आइल खत्म होने के बाद किसानों ने आपस में रुपए एकत्रित कर नया आइल भरवाया था। अब एक ही रात में कई खेतों से मोटर एवं केबल चोरी होने से ग्रामीणों को क्षेत्र में सक्रिय चोर गिरोह होने की आशंका है। किसानों का कहना है कि यदि समय रहते पुलिस ने इन घटनाओं पर अंकुश नहीं लगाया तो आने वाले दिनों में और भी खेतों को निशाना बनाया जा सकता है। घटना को लेकर सरपंच प्रतिनिधि ईशु धनगर ने पुलिस प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि एक ही रात में करीब 10 मोटर चोरी होना सामान्य घटना नहीं है। इससे साफ है कि बदमाशों द्वारा योजनाबद्ध तरीके से किसानों के खेतों को निशाना बनाया जा रहा है। पुलिस को मामले को गंभीरता से लेते हुए चोरों का पता लगाना चाहिए तथा चोरी गई मोटर एवं केबल बरामद करवानी चाहिए। ईशु धनगर ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मोटर चोरों को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया और चोरी गई मोटरों की बरामदगी नहीं हुई तो किसान एवं ग्रामीण आंदोलन करेंगे। जरूरत पड़ी तो पुलिस चौकी का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसान पहले ही खेती की बढ़ती लागत से परेशान हैं, ऐसे में हजारों रुपए की मोटर चोरी होने से उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से आसपास के गांवों में हुई मोटर एवं केबल चोरी की घटनाओं की भी जांच करने, संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ करने तथा चोरी की मोटरों को कबाड़ी बाजारों में खपाए जाने की आशंका के चलते कबाड़ियों की भी जांच करने की मांग की है। किसानों ने खेतों की ओर जाने वाले मार्गों पर रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग करते हुए कहा कि पुलिस की सक्रियता से ही इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकता है।

Sep 10, 2026 - 07:58
 0  0

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0