17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक भाजपा चलाएगी सेवा संकल्प अभियान, जनभागीदारी से विकसित भारत का संकल्प

मंदसौर। प्रदेश भाजपा मीडिया विभाग के निर्देशानुसार जिला भाजपा कार्यालय में सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सेवा, समर्पण और सुशासन के कार्यकाल को लेकर प्रेसवार्ता आयोजित की गई। सुवासरा विधायक हरदीपसिंह डंग ने भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित और प्रदेश प्रवक्ता यशपालसिंह सिसौदिया की उपस्थिति में अभियान की जानकारी दी। इस दौरान जिला महामंत्री शिवराजसिंह राणा, जिला मीडिया प्रभारी निलेश जैन सहित मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे। विधायक हरदीपसिंह डंग ने कहा कि आज के दौर में किसी सरकार का पांच वर्ष का कार्यकाल पूरा होना भी उपलब्धि माना जाता है, ऐसे में भारत जैसे विशाल और विविधतापूर्ण लोकतंत्र में 25 वर्षों तक लगातार जनता का विश्वास प्राप्त कर सेवा करना असाधारण उपलब्धि है। भाजपा इसी सेवा यात्रा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रदेशभर में सेवा संकल्प अभियान चलाएगी। मंदसौर जिले में भी भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित के नेतृत्व में 17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक सामाजिक और रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर लाने, 4.5 करोड़ से अधिक परिवारों को प्रधानमंत्री आवास उपलब्ध कराने, 12 करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण कराने और 80 करोड़ लोगों को निशुल्क राशन उपलब्ध कराने जैसे कार्य हुए हैं। कोविड काल में 200 करोड़ से अधिक निशुल्क टीके लगाए गए। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की साख और सम्मान बढ़ा है। प्रधानमंत्री को मिले अंतरराष्ट्रीय सम्मानों को उन्होंने 140 करोड़ देशवासियों के पुरुषार्थ का सम्मान बताया। डंग ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में आतंकवाद और नक्सलवाद के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई हुई है। महिला नेतृत्व वाले विकास को बढ़ावा देने के साथ नारी शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से महिलाओं की नीति निर्धारण में भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में काम किया गया है। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य केवल उपलब्धियों की जानकारी देना नहीं, बल्कि नागरिकों को विकसित भारत-2047 के निर्माण में सहभागी बनाना है। 17 सितंबर से शुरू होंगी विभिन्न गतिविधियां अभियान के तहत 17 सितंबर से 7 अक्टूबर के बीच प्रदेश के सरकारी और निजी स्कूलों में विकसित भारत की कल्पना और प्रधानमंत्री के सेवा कार्यों पर चित्रकारी, ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। विजेताओं को प्रमाण-पत्र दिए जाएंगे। ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ के माध्यम से प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सेवा कार्य, जनकल्याणकारी योजनाओं और लोगों के जीवन में आए बदलावों को 15 से 20 मिनट के भावनात्मक और संगीतप्रधान नाट्य तथा नुक्कड़ नाटक के माध्यम से गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा। स्कूल, कॉलेज, पंचायत, सामुदायिक केंद्र और सार्वजनिक स्थलों पर कार्यक्रम होंगे। 2 अक्टूबर को प्रमुख स्थानों पर विशेष आयोजन प्रस्तावित हैं। 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगनवाड़ी केंद्रों पर ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम होगा। इसमें बच्चों और उनकी माताओं की उपस्थिति में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा कार्यकर्ताओं का सम्मान किया जाएगा। साथ ही पोषण, स्वास्थ्य और महिला केंद्रित योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। प्रत्येक आंगनवाड़ी केंद्र पर यह कार्यक्रम तीन दिन चलेगा। शक्ति केंद्रों पर सामने आएंगी लाभार्थियों की कहानियां ‘सेवा की कहानी’ कार्यक्रम प्रदेश के 11,404 शक्ति केंद्रों पर आयोजित किया जाएगा। इसमें केंद्र सरकार की योजनाओं से लाभान्वित नागरिकों की वास्तविक कहानियां सामने लाई जाएंगी। प्रत्येक शक्ति केंद्र से कम से कम 10 कहानियां रील के रूप में तैयार कर अपलोड की जाएंगी। 7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ के माध्यम से प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के जनसेवा और समर्पण के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए विकसित भारत-2047 का संकल्प लिया जाएगा। इसके साथ ही प्रत्येक जिले और गांव में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकाली जाएगी। पदयात्रा, साइकिल रैली और बाइक रैली के माध्यम से कार्यकर्ता और नागरिक अलग-अलग स्थानों से निकलकर एक स्थान पर एकत्रित होंगे। यहां 25 वर्षों की सेवा और विकास उपलब्धियों की जानकारी देने के साथ विकसित भारत का सामूहिक संकल्प लिया जाएगा। वडनगर से वाराणसी तक जाएगी सेवा यात्रा ‘वडनगर-वाराणसी सेवा यात्रा’ के तहत 250 बाइक पर 500 यात्री वडनगर पहुंचकर हाटकेश्वर महादेव का जलाभिषेक करेंगे। इसके बाद गुजरात की पवित्र नदियों और शर्मिष्ठा तालाब का जल लेकर 10 अलग-अलग टोलियों में वाराणसी के लिए रवाना होंगे। वाराणसी में काशी विश्वनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा। देशभर में ऐसी 20 यात्राएं प्रस्तावित हैं, जिनमें से 13 यात्राएं मध्यप्रदेश से होकर गुजरेंगी। इन यात्राओं को प्रदेश के अधिकांश गांवों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। हर नागरिक 25 मिनट श्रमदान कर सकेगा योगदान ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। इसके तहत 25 प्रकार की सेवा गतिविधियां संचालित की जाएंगी। युवा, महिलाएं, वरिष्ठ नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता और भाजपा के बूथ स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के पदाधिकारी इसमें भाग लेंगे। प्रत्येक नागरिक कम से कम 25 मिनट श्रमदान कर अभियान में अपनी भागीदारी दर्ज करा सकेगा। ‘सेवा सेतु’ के तहत विधानसभा क्षेत्रों में विकासखंड स्तर पर शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में पात्र लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में सहायता की जाएगी। स्वास्थ्य शिविरों के साथ योजनाओं की जानकारी और पात्र हितग्राहियों के आवेदन की प्रक्रिया भी शिविरों से जोड़ी जाएगी। सार्वजनिक स्थलों पर बनेगी मानव रंगोली ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ अभियान के तहत सार्वजनिक स्थलों पर मानव रंगोली के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं, राष्ट्रीय प्रतीकों और विकसित भारत के संदेश को प्रदर्शित किया जाएगा। प्रदेश के महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थलों पर एक ही दिन यह आयोजन होगा। नागरिक अपनी रंगोली के फोटो नमो एप और सोशल मीडिया पर साझा कर सकेंगे। रंगोली में फूल, मिट्टी, रेत, चावल, बीज, पत्ते और प्राकृतिक रंगों का उपयोग किया जाएगा। राष्ट्रीय स्तर पर इनोवेशन चैलेंज और सुशासन संवाद राष्ट्रीय स्तर पर युवाओं, विद्यार्थियों, स्टार्टअप, प्रोफेशनल्स और इनोवेटर्स को जोड़ने के लिए ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ आयोजित किया जाएगा। शिक्षण संस्थानों, स्टार्टअप नेटवर्क और इनक्यूबेशन सेंटरों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। चयनित नवाचारों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। 17 अक्टूबर को ‘सुशासन, सेवा, संवाद’ कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसमें स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी जोड़ा जाएगा। सरपंच से लेकर अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ विकसित भारत संकल्प प्रस्ताव जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विधायक डंग ने कहा कि भाजपा का प्रयास है कि सेवा संकल्प अभियान केवल पार्टी का कार्यक्रम न रहकर जनभागीदारी का अभियान बने। प्रधानमंत्री का ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ मंत्र अभियान की आधार भावना है। उन्होंने पत्रकारों से अभियान की गतिविधियों को जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग की अपेक्षा की।

Sep 15, 2026 - 08:10
 0  0

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0