नशे के खिलाफ पुलिस का शिकंजा, अफीम-एमडीएमए और डोडाचूरा के साथ आरोपी गिरफ्तार

पिपलिया स्टेशन (निप्र)। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने पिपलियामंडी, मल्हारगढ़ और नारायणगढ़ में कार्रवाई करते हुए अफीम, एमडीएमए और डोडाचूरा बरामद किया है। पिपलियामंडी पुलिस ने 1 किलो 71 ग्राम अफीम के साथ 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया, जबकि मल्हारगढ़ और नारायणगढ़ में पकड़े गए आरोपियों को न्यायालय ने पुलिस रिमांड पर सौंपा है। पुलिस अब मादक पदार्थों की सप्लाई और तस्करी से जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। पिपलियामंडी पुलिस के अनुसार 20 सितंबर की शाम चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक रितेश डामोर पुलिस बल के साथ कस्बे और ग्रामीण क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। ग्राम खोखरा और नैनोरा होते हुए कनघट्टी की ओर जाते समय पिपलियामंडी-सनावदा आम रोड पर पोवल्ली फंटा स्थित बालाजी मंदिर के सामने एक युवक थैली लेकर दिखाई दिया। पुलिस वाहन देखते ही वह मंदिर के पीछे की ओर भागने लगा। पुलिस जवानों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर थैली से 1 किलो 71 ग्राम अफीम मिली। पुलिस ने अफीम, मोबाइल फोन और 470 रुपए नकद जब्त कर आरोपी मोहित पिता गोपाल अजमेरा, निवासी कनघट्टी, को गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है। मल्हारगढ़ पुलिस ने कृषि मंडी के सामने घेराबंदी कर बाइक सवार लक्की पिता सुरेश हाड़ा और राधेश्याम उर्फ कमलेश पिता भेरूलाल हाड़ा, दोनों निवासी कालाखेड़ा, थाना गरोठ, को पकड़ा था। दोनों के कब्जे से 526 ग्राम एमडीएमए और करीब पौने छह किलो डोडाचूरा बरामद हुआ था। पुलिस के अनुसार आरोपी यह मादक पदार्थ महाराष्ट्र के पुणे निवासी शेराराम पिता कानाराम देवासी को देने जा रहे थे। शेराराम को भी गिरफ्तार किया गया है। न्यायालय ने शेराराम और लक्की को पांच दिन की पुलिस रिमांड पर सौंपा है। मामले में फरार भैंसोदामंडी निवासी अकरम की तलाश में पुलिस ने रविवार को दबिश दी, लेकिन उसका पता नहीं चला। इधर, नारायणगढ़ पुलिस ने 45.4 किलो डोडाचूरा के साथ पंजाब के शुभम (31), निवासी तुंगवली, जिला भटिंडा, को गिरफ्तार किया था। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे तीन दिन की पुलिस रिमांड पर सौंपा गया। थाना प्रभारी राजेंद्र पंवार ने बताया कि शुभम को नारायणगढ़-मल्हारगढ़ मार्ग स्थित बालाजी मंदिर के पास पकड़ा गया था। पूछताछ में सामने आया कि उसका जीजा वीरेंद्र, निवासी भटिंडा, उसे डोडाचूरा लेने के लिए भेजा था। पुलिस ने वीरेंद्र को भी प्रकरण में आरोपी बनाया है। रिमांड के दौरान पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि डोडाचूरा और अन्य मादक पदार्थ कहां से लाए गए थे, उनकी डिलीवरी कहां होनी थी और तस्करी के नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं।

Sep 22, 2026 - 07:48
 0  0

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0