पिपलिया क्षेत्र में एक ही दिन तीन चोरियां, मंदिर की दानपेटी से लेकर घरों के ताले तक तोड़े

पिपलिया स्टेशन। पिपलिया क्षेत्र में सोमवार को चोरों ने एक के बाद एक तीन वारदातों को अंजाम देकर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। खात्याखेड़ी मार्ग स्थित तुरंत बालाजी मंदिर से दानपेटी चोरी कर ली गई, जबकि उमरिया और बालागुढ़ा गांव में बदमाशों ने सूने मकानों के ताले तोड़कर नकदी और चांदी-सोने के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। तीनों वारदातों में बदमाश लाखों रुपए का सामान ले गए। पुलिस ने मामलों की जांच शुरू कर दी है। खात्याखेड़ी मार्ग स्थित तुरंत बालाजी मंदिर में रविवार-सोमवार की दरमियानी रात करीब 1:30 से 2 बजे के बीच दो बदमाश पहुंचे। बदमाशों ने मंदिर के गेट का नकुचा तोड़ा और अंदर घुसकर दानपेटी उठा ले गए। दानपेटी में करीब 20 हजार रुपए होने की जानकारी सामने आई है। पूरी वारदात मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। सुबह पुजारी दीपक जोशी मंदिर पहुंचे तो चोरी का पता चला। सूचना पर 112 पुलिस मौके पर पहुंची। पंडित दीपक जोशी, बालकृष्ण माली, हरीश माली, राकेश शर्मा सहित अन्य लोगों ने पुलिस को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज भी जुटाए हैं। उमरिया गांव में पन्नालाल पिता शंकरलाल मालवीय के मकान में चोरी हुई। पन्नालाल सुबह करीब 10 बजे मकान पर ताला लगाकर खेत में दवाई का छिड़काव करने गए थे। उनकी पत्नी कुशाल बाई और पुत्र सुमीत यात्रा पर गए हुए थे। दोपहर करीब 2 बजे पड़ोसी ने फोन कर घर का ताला टूटे होने की जानकारी दी। घर पहुंचने पर सामान बिखरा मिला। जांच में करीब 25 हजार रुपए नकद, चांदी की पोची, दो जोड़ी पायजेब, बच्चे के कड़े की एक जोड़ी, चांदी की चूड़ियां और दो जोड़ी छोटी बिछिया गायब मिलीं। बालागुढ़ा गांव में संदीप पिता सुरेशचंद्र प्रजापत के मकान को भी बदमाशों ने निशाना बनाया। संदीप सुबह करीब 9:30 बजे घर पर ताला लगाकर वेल्डिंग की दुकान चले गए थे। दोपहर करीब 2:30 बजे उनके काका दिनेशचंद्र ने फोन कर ताला टूटे होने की जानकारी दी। घर पहुंचने पर गोदरेज की अलमारी खुली मिली। जांच में सोने के मंगलसूत्र का पेंडल, चांदी का कंदोरा, दो जोड़ी पायजेब, छोटे बच्चे के चांदी के दो जोड़ी कड़े और 20 हजार रुपए नकद गायब मिले। तीनों घटनाओं में पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। टीआई विक्रम सिंह इवने ने बताया कि घटनास्थलों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। अज्ञात बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

Sep 29, 2026 - 08:10
 0  1

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0