तीन दिन की बैंक हड़ताल स्थगित, सोमवार को सामान्य रूप से खुलीं शाखाएं रविवार रात बैठक में बनी सहमति के बाद फैसला, 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित थी हड़ताल
मंदसौर। पांच दिन का कार्य सप्ताह लागू करने सहित अन्य मांगों को लेकर बैंक यूनियनों की ओर से 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल स्थगित कर दी गई। रविवार रात हुई बैठक में कुछ मुद्दों पर सहमति बनने के बाद हड़ताल टालने का निर्णय लिया गया। इसके चलते सोमवार को बैंक शाखाएं सामान्य रूप से खुलीं और बैंकिंग कामकाज हुआ। रविवार रात करीब 9:30 बजे इंडियन बैंक्स एसोसिएशन और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के बीच हड़ताल के नोटिस को लेकर बैठक हुई। बैठक में विभिन्न मांगों पर विस्तृत चर्चा के बाद कुछ मुद्दों पर सहमति बनी। इसके बाद हड़ताल और आंदोलन की कार्रवाई स्थगित कर दी गई। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस, मध्यप्रदेश के कोऑर्डिनेटर वीके शर्मा के अनुसार, बैठक में चर्चा के बाद कुछ मुद्दों पर सहमति बनी है। इसके बाद हड़ताल स्थगित करने का निर्णय लिया गया। संगठन की ओर से कहा गया है कि इस संबंध में विस्तृत जानकारी बाद में जारी की जाएगी। रविवार को छुट्टी के दिन भी किया था काम प्रस्तावित हड़ताल से पहले बैंककर्मियों ने रविवार को अवकाश के दिन काम किया था। मध्यप्रदेश में सभी बैंक शाखाएं रविवार को खुली थीं। बैंककर्मियों को सोमवार से तीन दिन की हड़ताल पर जाना था, लेकिन रविवार रात हड़ताल स्थगित होने के बाद सोमवार को नियमित बैंकिंग सेवाएं संचालित हुईं। सितंबर में पहले भी प्रभावित हुई बैंकिंग सेवाएं इससे पहले सितंबर में भी बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हुई थीं। 11, 12 और 13 सितंबर को हड़ताल और अवकाश के कारण बैंकिंग कामकाज पर असर पड़ा था। मध्यप्रदेश में एक दिन में करीब 5,500 करोड़ रुपए का बैंक लेन-देन होता है। ग्राहकों को पहले ही भेजे थे मैसेज प्रस्तावित हड़ताल को देखते हुए बैंकों ने ग्राहकों को दो दिन पहले से एसएमएस भेजकर जरूरी बैंकिंग काम पहले ही पूरा करने की सलाह दी थी। ग्राहकों से नकदी की जरूरत के लिए एटीएम और एडीडब्ल्यूएम का उपयोग करने, ग्राहक सेवा केंद्रों का लाभ लेने तथा इंटरनेट बैंकिंग, योनो, मोबाइल बैंकिंग, यूपीआई और अन्य डिजिटल माध्यमों का उपयोग करने के लिए कहा गया था।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

