मंडी में बंपर आवक से सड़क पर लगा जाम, तीन दिन से नंबर का इंतजार कर रहे किसान सोयाबीन, मूंगफली, मक्का, लहसुन और प्याज से मंडी परिसर भरा, मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें; पुलिस ने संभाली व्यवस्था
मंदसौर। कृषि उपज मंडी में फसलों की बंपर आवक अब किसानों के साथ आम राहगीरों के लिए भी परेशानी का कारण बन रही है। मंडी परिसर में जगह कम पड़ने से ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और लोडिंग वाहनों की लंबी कतारें मुख्य सड़क तक पहुंच गई हैं। इससे शहर के प्रमुख मार्ग पर जाम की स्थिति बन रही है। हालात यह हैं कि मूंगफली लेकर मंडी पहुंचे कुछ किसानों को तीन-तीन दिन बाद भी अपनी उपज की बारी आने का इंतजार करना पड़ रहा है।
मंडी में इन दिनों सोयाबीन, मूंगफली, मक्का, लहसुन, प्याज सहित अन्य फसलों की भारी आवक हो रही है। किसान सुबह से ही उपज लेकर मंडी पहुंच रहे हैं, लेकिन परिसर में पर्याप्त जगह नहीं होने के कारण वाहनों को सड़क पर कतार में खड़ा करना पड़ रहा है। इससे यातायात प्रभावित हो रहा है और वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
तीन दिन से इंतजार, किसानों की बढ़ी परेशानी
मूंगफली लेकर आए किसानों के अनुसार, मंडी में पहुंचने के बाद भी उन्हें तीन दिन तक अपनी बारी का इंतजार करना पड़ रहा है। लंबे इंतजार के कारण किसानों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, सड़क पर वाहनों की कतारें लगने से आम राहगीरों, स्कूली वाहनों और दोपहिया वाहन चालकों के लिए निकलना मुश्किल हो रहा है। जाम में फंसने से कई वाहन चालकों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में अतिरिक्त समय लग रहा है।
पुलिस ने संभाली यातायात व्यवस्था
जाम की सूचना मिलने पर पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा। पुलिस जवानों ने वाहनों को व्यवस्थित कतार में लगवाने और मुख्य मार्ग को खाली कराने के प्रयास किए। काफी मशक्कत के बाद यातायात सुचारु हो सका।