21 लाख का मादक पदार्थ जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार अल्प्राजोलम और 500 ग्राम अफीम बरामद, कोर्ट रोड पर शिवना नदी के पास कोतवाली पुलिस की कार्रवाई
मंदसौर। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 1 किलो अल्प्राजोलम और 500 ग्राम अफीम जब्त की गई है। जब्त मादक पदार्थ की कुल कीमत 21 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की है।
पुलिस के अनुसार, 31 अक्टूबर और 1 नवंबर की मध्यरात्रि मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ अल्प्राजोलम और अफीम की तस्करी करने आने वाला है। सूचना पर कोतवाली पुलिस ने कोर्ट रोड स्थित शिवना नदी के पास घेराबंदी की। इस दौरान मुखबिर के बताए हुलिए का एक व्यक्ति आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की तो उसने अपना नाम समीर शेख (28) पिता रईस शेख निवासी गोपालपुरा, थाना नारायणगढ़, मंदसौर बताया।
तलाशी के दौरान उसके पास से 1 किलो अल्प्राजोलम, जिसकी कीमत 20 लाख रुपए, और 500 ग्राम अफीम, जिसकी कीमत 1 लाख रुपए आंकी गई, बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली में धारा 8/18, 22 और 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान में लिया।
प्रारंभिक पूछताछ में समीर ने बताया कि वह शाहरुख नाम के व्यक्ति से मादक पदार्थ लेकर आया था। इसके बाद पुलिस ने शाहरुख की जानकारी जुटाकर उसे भी अभिरक्षा में लिया और पूछताछ के बाद गिरफ्तारी की प्रक्रिया की। दूसरे आरोपी की पहचान शाहरुख (27) पिता अब्दुल रहीम निवासी नूरी कॉलोनी, मनासा, जिला नीमच के रूप में हुई है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक टीएस बघेल और नगर पुलिस अधीक्षक जितेंद्र सिंह भास्कर के निर्देशन तथा थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह राठौर के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। कार्रवाई में कोतवाली पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।