उद्यमियों को सुविधाएं और सब्सिडी देगी सरकार, टीकमगढ़ में उद्योगों को मिलेगी नई रफ्तारमुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा- स्थानीय कारोबार और उद्योगों को बढ़ावा देना प्राथमिकता, कुंडेश्वर धाम को महाकाल लोक की तर्ज पर विकसित करने की तैयारी

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि राज्य सरकार औद्योगिक विकास को गति देने के लिए लगातार काम कर रही है। टीकमगढ़ जिले में औद्योगिक विकास की पर्याप्त संभावनाएं और संसाधन मौजूद हैं। जरूरत उन्हें अवसर में बदलने की है। स्थानीय उद्यमियों के व्यापार और उद्योगों को प्रोत्साहित करना सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री शुक्रवार को टीकमगढ़ में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत उद्यमियों से संवाद कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार औद्योगिक क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाएं, निर्बाध विद्युत आपूर्ति और अधोसंरचना विकास सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। झांसी-जतारा-टीकमगढ़ की कनेक्टिविटी बेहतर होने से जिले को दूसरे राज्यों से जोड़ने में भी मदद मिलेगी। उन्होंने उद्यमियों से होटल और होम स्टे विकसित करने के साथ इंडस्ट्रियल पार्क स्थापित करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन गतिविधियों के लिए राज्य सरकार की ओर से सब्सिडी भी उपलब्ध कराई जा रही है, जिसका उद्यमियों को लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने कहा कि टीकमगढ़ जिले में धार्मिक पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। कुंडेश्वर धाम का विकास महाकाल लोक की तर्ज पर कराया जाएगा। इसके लिए पर्यटन विभाग के अधिकारियों की टीम जल्द टीकमगढ़ भेजी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कुंडेश्वर के आसपास होम स्टे विकसित करने पर जोर देते हुए कहा कि इससे तीर्थ यात्रियों को ठहरने की सुविधा मिलेगी और स्थानीय लोगों के लिए आय का नया जरिया भी बनेगा। मुख्यमंत्री को बताया गया कि टीकमगढ़ जिले के धरमपुर की प्रसिद्ध पारंपरिक बेल मेटल पीतल शिल्प कला के विकास के लिए 1 करोड़ 99 लाख रुपए की योजना प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री ने कहा कि टीकमगढ़ की पारंपरिक बेल मेटल शिल्प कला को केवल परंपरा तक सीमित नहीं रखा जाए, बल्कि इसे आधुनिक अधोसंरचना, कारीगरों के सशक्तीकरण, रोजगार और बाजार विस्तार से जोड़ा जाए। बताया गया कि पीतल शिल्प कला के विकास के लिए धरमपुर में करीब 6.99 हेक्टेयर भूमि एमएसएमई विभाग को हस्तांतरित की जा चुकी है। संवाद के दौरान उद्यमियों ने जिले में उद्योग और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए अपने सुझाव भी रखे। उद्यमी गौरव जैन ने कहा कि बुंदेलखंड में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। ओरछा, खजुराहो और टीकमगढ़ को तीन प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित कर एंट्री गेट टूरिस्ट सर्किट बनाया जा सकता है। उन्होंने टीकमगढ़ को धार्मिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने तथा महाकाल लोक की तर्ज पर कुंडेश्वर लोक विकसित करने का सुझाव दिया। साथ ही टीकमगढ़, मोहनगढ़ और बल्देवगढ़ के किलों के विकास की बात भी रखी। उद्यमी राजेश साहू ने बताया कि उनकी मूंगफली प्रसंस्करण इकाई संचालित हो रही है और व्यवसाय अच्छा चल रहा है। उन्हें सरकार से 4 करोड़ रुपए की सब्सिडी प्राप्त हुई है। स्वस्तिक मसाला विनिर्माण इकाई संचालित करने वाली सृष्टि मिश्रा ने बताया कि उनकी इकाई का काम अच्छा चल रहा है और सरकार से 4 लाख रुपए की सब्सिडी मिली है। उद्यमी राज परमार ने विभागीय सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें विभागों से किसी तरह की परेशानी नहीं है। जतारा में नई यूनिट शुरू करने के लिए हाईवे से कनेक्टिविटी की मांग रखी गई। इस पर मुख्यमंत्री ने कलेक्टर को सड़क संबंधी मांग पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उद्यमी सुनीता राज बुंदेला ने बताया कि वह बीज उत्पादन का काम कर रही हैं और काम अच्छा चल रहा है। किसानों के माध्यम से शहद उत्पादन भी किया जा रहा है, जिससे एक किसान को औसतन 50 हजार रुपए तक का लाभ हो रहा है। उन्होंने ऑयल मिल शुरू करने की योजना भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी। कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से औद्योगिक क्षेत्र में प्रस्तावित योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी दी। स्वस्तिक एंटरप्राइजेस की फूड प्रोसेसिंग यूनिट के संचालक आशीष शर्मा ने बताया कि उनकी संस्था पिछले सात वर्षों से फूड प्रोसेसिंग के क्षेत्र में काम कर रही है। इस दौरान मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश के बड़े क्षेत्र में कारोबार का विस्तार किया गया है। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से देशभर में खाद्य उत्पादों की डिलीवरी भी की जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि स्थानीय संसाधनों, पारंपरिक कला, पर्यटन और उद्यमिता को एक साथ जोड़कर रोजगार के नए अवसर तैयार किए जाएं। टीकमगढ़ में उद्योगों के विस्तार के साथ पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने से स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को गति मिल सकती है। कार्यक्रम में पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण तथा विमुक्त, घुमक्कड़ एवं अर्द्ध-घुमक्कड़ कल्याण राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार एवं टीकमगढ़ जिले की प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर, सरोज राजपूत, जतारा विधायक हरिशंकर खटीक, पूर्व विधायक पृथ्वीपुर डॉ. शिशुपाल सिंह यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल, मुख्यमंत्री कार्यालय के सचिव डॉ. सुदाम खाड़े, जनसंपर्क आयुक्त मनीष सिंह सहित संबंधित अधिकारी भी उपस्थित थे।

Aug 22, 2026 - 09:13
 0  1

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0