पुलिस थाने से 200 मीटर दूर किराना मार्ट में चोरी, शटर उचकाकर घुसे बदमाश; 7 हजार नकद और सामान ले गए
नीमच। नीमच सिटी थाने से महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित जीआर किराना मार्ट में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात चोरी की वारदात से पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। रात करीब 3 बजे दो बदमाश दुकान का शटर उचकाकर अंदर दाखिल हुए और करीब आधे घंटे तक दुकान में तलाशी लेते रहे। बदमाश गल्ले में रखे करीब 7 हजार रुपए नकद, चॉकलेट का एक डिब्बा और सोडे की दो बोतलें लेकर फरार हो गए। चोरी की पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि रात करीब 3 बजे टोपी पहने एक बदमाश पहले दुकान के गेट के आसपास रेकी करता है। इसके बाद बदमाशों ने बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे का मुंह छत की ओर घुमा दिया, ताकि उनकी गतिविधियां कैमरे में रिकॉर्ड न हों। इसके बाद दोनों बदमाशों ने शटर उचकाया और दुकान के अंदर प्रवेश कर गए। मार्ट संचालक विकास पुरोहित के अनुसार दोनों चोर करीब आधे घंटे तक दुकान के भीतर रहे। उन्होंने कैश काउंटर, गुल्लक, दुकान मालिक का पर्स और नकदी रखने वाला बैग तक खंगाला। गल्ले में रखे करीब 7 हजार रुपए मिलने के बाद बदमाशों ने काउंटर पर रखा चॉकलेट का डिब्बा और सोडे की दो बोतलें भी उठा लीं। इसके बाद दोनों दुकान से बाहर निकलकर फरार हो गए। चोरी की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मार्ट में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जब्त की है। फुटेज में दोनों बदमाश दुकान के भीतर सामान और नकदी की तलाश करते हुए साफ दिखाई दे रहे हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और उनकी गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि बदमाशों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

