सांप ने डसा तो युवक ने उसी को मार डाला, इलाज के दौरान मौत
नीमच। रतनगढ़ थाना क्षेत्र के आबा जाट गांव में रविवार देर रात जहरीले सांप के डसने से 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक घर में सो रहा था, तभी सांप ने उसे डस लिया। घटना के तुरंत बाद युवक ने सांप को मार दिया, लेकिन उसकी तबीयत बिगड़ती चली गई। गंभीर हालत में नीमच जिला अस्पताल में उपचार के दौरान सोमवार को उसकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार आबा जाट निवासी राजू पिता लखमीचंद्र भील (23) रविवार रात करीब 12 बजे घर में सो रहा था। इसी दौरान एक जहरीले सांप ने उसे डस लिया। सांप के काटने के बाद राजू की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। घटना के तुरंत बाद उसने सांप को मार दिया। परिजन उसे गंभीर हालत में रतनगढ़ स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। यहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए नीमच जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन राजू को उपचार के लिए नीमच जिला अस्पताल लाने के साथ मरे हुए सांप को भी अपने साथ ले आए। उनका उद्देश्य डॉक्टरों को सांप दिखाकर यह पता लगाने में मदद करना था कि युवक को किस प्रजाति के जहरीले सांप ने डसा है। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान सोमवार को राजू ने दम तोड़ दिया। युवक की मौत के बाद शव के साथ मरे हुए सांप को देखकर अस्पताल परिसर में लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना मिलने पर जिला अस्पताल पुलिस चौकी ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इधर, रतनगढ़ पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

