बारिश में कर्व टर्न पर बेकाबू हुई स्लीपर बस, पलटते ही मची चीख-पुकार रतलाम-इंदौर फोरलेन पर सातरुंडा के पास हादसा; 28 यात्री थे सवार, कुछ को फ्रैक्चर
रतलाम। रतलाम-इंदौर फोरलेन पर गुरुवार रात करीब डेढ़ बजे स्लीपर बस कर्व टर्न पर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा सातरुंडा के पास रत्तागिरी चौराहे से पहले हुआ। बस के पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। हादसे में बस सवार कुछ यात्रियों को फ्रैक्चर हुआ है, हालांकि किसी की हालत गंभीर नहीं बताई गई है। सूचना मिलते ही बिलपांक थाना प्रभारी अयूब खान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। रतलाम और बदनावर से 3-4 एंबुलेंस बुलवाई गईं। घायलों और यात्रियों को रात करीब 2 से 2.30 बजे के बीच रतलाम मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। बस में कुल 28 यात्री सवार थे। हादसे के समय बारिश हो रही थी। जिस स्थान पर बस पलटी, वहां सड़क पर कर्व टर्न है। शुरुआती तौर पर आशंका जताई जा रही है कि तेज गति में होने के कारण बस मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गई। इस स्थान पर पहले भी सड़क हादसे हो चुके हैं। हालांकि दुर्घटना की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार हादसे में किसी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई है। कुछ यात्रियों को फ्रैक्चर हुआ है, जिन्हें उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया। हादसे के बाद मौके पर रेस्क्यू अभियान चलाया गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से पलटी बस को सीधा कराने की कार्रवाई शुरू की। हादसे की जानकारी मिलने के बाद रतलाम के पुलिस अधिकारी भी रात में घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस बल सुबह करीब 4.30 बजे तक मौके पर मौजूद रहा। क्रेन की मदद से बस को सीधा कराने के साथ ही मौके पर यातायात व्यवस्था भी संभाली गई। हादसे में मंदसौर जिले के यात्री भी शामिल थे। इनमें पिलियामंडी निवासी मुन्नी (50), कोसर (18), नाजिया (12), साजिया (12), साकिब (55), साबिर (28), वली मोहम्मद (55), हमजा (23), मल्हारगढ़ निवासी अरबा (12) और मंदसौर निवासी फिरोज (42) शामिल हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

